जिला कोर्ट के बाहर पति, पत्नी और भाई में मारपीट, हंगामे का VIDEO वायरल
उरई जिला कोर्ट के बाहर पति, पत्नी और भाई के बीच मारपीट का वायरल वीडियो
उरई जिला न्यायालय के बाहर न्यायालय से निकलते ही अंगूरी देवी, उसके भाई और पति सुभाष अहिरवार के बीच विवाद हाथापाई में बदल गया; पुलिस ने बीच-बचाव किया।
उरई(जालौन) :जालौन के उरई कोतवाली क्षेत्र स्थित जिला न्यायालय के बाहर सोमवार को पति, पत्नी और भाई के बीच जमकर मारपीट हो गई। न्यायालय में अपना काम निपटाकर बाहर निकलते ही विवाद इतना बढ़ गया कि तीनों के बीच थप्पड़ और हाथापाई शुरू हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, न्यायालय परिसर के बाहर अंगूरी देवी, उसके भाई और पति सुभाष अहिरवार के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। कुछ ही देर में विवाद मारपीट में बदल गया और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर थप्पड़ व घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। अचानक हुए हंगामे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जिला न्यायालय की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग कराया और स्थिति को शांत कराया। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल विवाद के कारणों और दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।






