श्मशान घाट न होने से 5 घंटे रुका अंतिम संस्कार, बारिश में पन्नी डालकर किया दाह संस्कार

0
तीतरा खलीलपुर में बारिश के बीच पन्नी लगाकर कराया गया अंतिम संस्कार

तीतरा खलीलपुर में बारिश के बीच पन्नी लगाकर कराया गया अंतिम संस्कार

जालौन के नदीगांव ब्लॉक की ग्राम पंचायत तीतरा खलीलपुर में कैंसर से 47 वर्षीय शिव कुमार की मौत के बाद श्मशान स्थल दलदल बनने से ग्रामीणों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।

कोंच(जालौन) : जालौन के नदीगांव ब्लॉक की ग्राम पंचायत तीतरा खलीलपुर में श्मशान घाट की व्यवस्था न होने से एक बार फिर ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के लिए भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। 47 वर्षीय शिव कुमार की कैंसर से मौत के बाद उनका अंतिम संस्कार करीब पांच घंटे तक टल गया, क्योंकि श्मशान स्थल बारिश के कारण पूरी तरह दलदल में तब्दील हो चुका था।


ग्रामीणों के अनुसार, लगातार हो रही बारिश के चलते श्मशान तक पहुंचना और वहां चिता तैयार करना संभव नहीं था। मजबूरी में परिजन और ग्रामीण शव को लेकर वहीं रुके रहे और बारिश थमने का इंतजार करते रहे। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र रहे और श्मशान घाट की स्थायी व्यवस्था की मांग उठाई।


घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद कोंच के एसडीएम अभिनव कुमार ने फोन पर परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।


प्रशासनिक आश्वासन के बाद पुलिस और राजस्व टीम की मौजूदगी में रिमझिम बारिश के बीच पन्नी लगाकर खुले स्थान पर अंतिम संस्कार कराया गया। पूरे घटनाक्रम के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि हर वर्ष बारिश के मौसम में श्मशान घाट न होने के कारण उन्हें इसी तरह की परेशानी झेलनी पड़ती है।


ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ग्राम पंचायत में जल्द श्मशान घाट की स्थायी व्यवस्था और उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी परिवार को अंतिम संस्कार जैसी संवेदनशील घड़ी में ऐसी कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।

तीतरा खलीलपुर श्मशान घाट
तीतरा खलीलपुर में श्मशान घाट की समस्या बताते मृतक के परिजन और ग्रामीण
तीतरा खलीलपुर में श्मशान घाट की समस्या बताते ग्रामीण

About The Author

Leave a Reply