दैवीय आपदा से मृतकों के परिजनों को ₹4-4 लाख की सहायता, विधायक ने सौंपे चेक
कोंच सर्किट हाउस में दैवीय आपदा राहत के चेक वितरित करते विधायक मूलचंद्र निरंजन
कोंच सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में करावली और सलैया गांव के तीन मृतकों के आश्रितों को आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई।
कोंच(जालौन) :जालौन के कोंच स्थित सर्किट हाउस में दैवीय आपदा से मृत लोगों के परिजनों को आर्थिक सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम में माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन ने तीन मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक सौंपे।
जानकारी के अनुसार, करावली गांव में रक्षाबंधन के दिन कुएं में गिरने से दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई थी। वहीं सलैया गांव में नदी में डूबने से एक युवक की जान चली गई थी। शासन की दैवीय आपदा राहत योजना के तहत तीनों मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई
चेक वितरण कार्यक्रम के दौरान विधायक मूलचंद्र निरंजन ने शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि सरकार आपदा प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और पात्र लोगों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
इस अवसर पर एसडीएम अभिनव कुमार यादव और तहसीलदार मनोज कुमार भी मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने सहायता वितरण की प्रक्रिया पूरी कर परिजनों को चेक सौंपे।







