जालौन के कोंच क्षेत्र के सिमिरिया गांव में 3–4 हथियारबंद बदमाशों ने बुजुर्ग दंपति के हाथ-पैर बांधकर जेवरात और नकदी लूट ली। पुलिस ने फील्ड यूनिट और सर्विलांस टीम के साथ जांच शुरू कर दी है।
कोंच(जालौन) : जालौन के कोंच कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिमिरिया में जन्माष्टमी की रात नकाबपोश बदमाशों ने एक बुजुर्ग दंपती के घर धावा बोलकर सनसनीखेज लूट की वारदात को अंजाम दिया। चार बदमाशों ने रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी और उनकी पत्नी को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की। बदमाशों ने दोनों के मुंह में कपड़ा ठूंसकर हाथ-पैर बांध दिए और इसके बाद घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात व नगदी लेकर फरार हो गए।
वारदात के दौरान बदमाशों ने बुजुर्ग महिला के नाक से सोने की कील और पैरों से चांदी की पायल तक उतार ली। जाते समय बदमाशों ने दंपती को धमकी दी कि यदि उन्होंने घटना के बारे में किसी को बताया तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आक्रोश है।
रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी के घर घुसे नकाबपोश बदमाश
ग्राम सिमिरिया निवासी रघुवीर अहिरवार रेलवे से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। उनके दो बेटे अपने परिवार के साथ उरई में रहते हैं। रघुवीर अपनी पत्नी के साथ गांव स्थित मकान में रहते हैं। बताया जा रहा है कि जन्माष्टमी की रात बुजुर्ग दंपती अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। देर रात रघुवीर लघुशंका के लिए घर का दरवाजा खोलकर बाहर निकले। वापस लौटने पर जैसे ही वह दरवाजा बंद करने लगे, तभी चार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें दबोच लिया। बदमाशों ने धक्का देकर उन्हें घर के अंदर गिरा दिया और जबरन मकान में प्रवेश कर गए। रघुवीर के मुताबिक, बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और मुंह में कपड़ा ठूंसकर हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद बदमाश उनकी पत्नी के कमरे में पहुंचे और उन्हें भी अपने कब्जे में ले लिया।
महिला के जेवर भी उतरवाए
बदमाशों ने बुजुर्ग महिला के हाथ-पैर बांधने के बाद उनके पहने हुए जेवर उतार लिए। बदमाशों ने महिला के नाक से सोने की कील और पैरों से चांदी की पायल तक निकाल ली। इसके बाद बदमाशों ने घर में रखे सामान और कीमती वस्तुओं की तलाश शुरू कर दी।
ताला तोड़कर बक्सों को खंगाला
बदमाशों ने घर के एक कमरे में लगे ताले को तोड़ दिया। कमरे के अंदर रखे बक्सों को खोलकर उनमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी निकाल ली। काफी देर तक घर में सामान खंगालने के बाद बदमाश लूट का सामान लेकर फरार हो गए। जाते समय बदमाशों ने बुजुर्ग दंपती को धमकाया और घटना के बारे में किसी को जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। बदमाशों के जाने के बाद दंपती काफी देर तक बंधे रहे।
सुबह चचेरे भाइयों को दी जानकारी
बदमाशों के फरार होने के बाद बुजुर्ग दंपती ने किसी तरह अपने हाथ-पैर खोले। सुबह उन्होंने अपने चचेरे भाइयों को पूरी घटना की जानकारी दी। लूट की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण उनके घर पहुंच गए। घटना की सूचना कोंच कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बुजुर्ग दंपती से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस वारदात के खुलासे के लिए आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही ग्रामीणों और आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बदमाश किस रास्ते से आए और वारदात के बाद किस दिशा में फरार हुए। बुजुर्ग दंपती के घर हुई इस वारदात से सिमिरिया गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द बदमाशों की गिरफ्तारी कर घटना का खुलासा करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।








