जालौन के बापूसाब मोहल्ले में युवकों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदला, एक युवक को पीटने के बाद बाल पकड़कर सड़क पर घसीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।
जालौन: जालौन कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बापूसाब में रेस्टोरेंट के बाहर मामूली कहासुनी के बाद दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के युवकों ने सड़क पर एक-दूसरे पर हमला कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रेस्टोरेंट के बाहर किसी बात को लेकर दोनों गुटों के बीच पहले कहासुनी हुई। कुछ ही देर में विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और दोनों ओर से युवकों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई।
वायरल वीडियो में दूसरे गुट के कुछ युवक एक युवक को बेरहमी से पीटते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद उसे बाल पकड़कर सड़क पर घसीटते हुए भी देखा जा सकता है। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में सार्वजनिक स्थानों पर आए दिन मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।






