कोंच के मालवीय नगर में बोरी के पीछे छिपे सांप ने सामान जमाते समय 37 वर्षीय नितेंद्र राठौर की उंगली पर काट लिया।
कोंच(जालौन) : जालौन के कोंच कोतवाली क्षेत्र के मालवीय नगर में किराना दुकान खोलते समय एक युवक को सांप ने डस लिया। घटना में 37 वर्षीय नितेंद्र राठौर घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज उरई रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, नितेंद्र राठौर सुबह अपनी किराना दुकान खोलकर सामान व्यवस्थित कर रहे थे। इसी दौरान दुकान में रखी एक बोरी के पीछे छिपे सांप ने अचानक उनकी उंगली पर हमला कर दिया। सांप के काटते ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
परिजन तत्काल नितेंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोंच लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया।
घटना के बाद क्षेत्र के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। नितेंद्र राठौर का मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है।






