रेंढ़र थाना क्षेत्र के बंगरा-कोंच मार्ग पर कुदारी गांव के पास हादसा, ट्रक चालक वाहन समेत फरार; पुलिस जांच में जुटी।
कुदारी(जालौन) : जालौन के रेंढ़र थाना क्षेत्र में बंगरा-कोंच मार्ग स्थित कुदारी गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार बुजुर्ग की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रुदावली गांव निवासी 60 वर्षीय रामप्रकाश प्रजापति के रूप में हुई है। वह बाइक से बंगरा-कोंच मार्ग से गुजर रहे थे, तभी तेज गति से आए ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद रेंढ़र थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी जुटाई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों और वाहन की पहचान के लिए आसपास के साक्ष्यों की जांच की जा रही है।







