उरई कोतवाली क्षेत्र के रामनगर में खेती की बदहाली और आर्थिक तंगी से जूझ रहे किसान भारतेन्दु पटेल की आत्महत्या से परिवार में मचा कोहराम।
जालौन के उरई कोतवाली क्षेत्र के रामनगर निवासी 50 वर्षीय किसान भारतेन्दु पटेल ने खेती में लगातार हो रहे नुकसान से परेशान होकर ट्रेन के सामने आकर अपनी जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों के अनुसार, भारतेन्दु पटेल खेती-किसानी के जरिए अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। पिछले कुछ समय से फसलों में लगातार नुकसान होने के कारण वह गंभीर आर्थिक परेशानी और मानसिक तनाव से जूझ रहे थे, जिसके चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।
मृतक के परिवार में एक बेटा है जो दिव्यांग है। किसान की इस अचानक मौत से पीड़ित परिवार के सामने गहरा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के परिजन अरविंद कुमार ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।







