डीएम समीर के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026–27 के तहत पांच प्रमुख मार्गों पर गड्ढामुक्ति अभियान शुरू किया।
जालौन : जालौन में खराब सड़कों और गड्ढों से लोगों को राहत दिलाने के लिए गड्ढामुक्ति अभियान शुरू कर दिया गया है। जिलाधिकारी समीर के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026–27 के तहत चिन्हित मार्गों पर मरम्मत कार्य प्रारंभ कराया है।
पहले चरण में उरई क्षेत्र के पांच प्रमुख मार्गों को शामिल करते हुए कुल 63 किलोमीटर सड़क को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें कोंच–पहाड़गांव–कमतरलरी (15 किमी), बंगरा रेडर–लगामपुरा (15 किमी), हमीरपुर–कालपी मार्ग (20 किमी), आटा–चुर्खी से नूरपुर संपर्क मार्ग (3 किमी) तथा जालौन–चुर्खी मार्ग (10 किमी) शामिल हैं।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंताओं ने चिन्हित सड़कों पर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। प्रशासन ने अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
प्रशासन के अनुसार, आवश्यकता के आधार पर अभियान के अगले चरण में अन्य जर्जर सड़कों को भी शामिल किया जाएगा।






