जिलाधिकारी समीर और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने शनिवार को माधौगढ़ क्षेत्र के महाराजपुर बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश और सीसीटीवी कैमरों का जायजा लिया।
जालौन : जनपद जालौन से मध्य प्रदेश को जोड़ने वाली अंतरराज्यीय सीमा की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए शनिवार को जिलाधिकारी समीर और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने माधौगढ़ क्षेत्र में स्थित महाराजपुर बॉर्डर सहित मध्य प्रदेश सीमा की ओर जाने वाले मार्गों पर पहुंचकर आवागमन की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बॉर्डर पर तैनात पुलिस बल और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अंतरराज्यीय सीमा से आवागमन को देखते हुए सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार प्रभावी निगरानी रखी जाए।
महाराजपुर बॉर्डर पर प्रवेश द्वार के आसपास साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य सुविधाओं का भी जायजा लिया गया। इस दौरान प्रवेश द्वार के समीप लगी सोलर लाइटों और सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की जांच कर उन्हें पूरी तरह क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने प्रवेश द्वार के आसपास उगी घास-फूस, सड़क किनारे जमा मिट्टी और कीचड़ को हटाकर स्थल को स्वच्छ बनाने को कहा। साथ ही, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रवेश द्वारों का नियमित रखरखाव हो और आसपास फूलदार व सजावटी पौधे लगाकर सीमा क्षेत्र का सौंदर्यीकरण कराया जाए।






