रिपोर्ट : राशिद अली ( बहराइच )
2800 ग्रेड-पे, नई भर्ती, भत्ता बढ़ाने और ग्राम सचिवालयों में सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई
कैसरगंज। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ उपशाखा कैसरगंज, जनपद बहराइच ने लेखपाल संवर्ग की लंबित एवं न्यायोचित मांगों के समाधान को लेकर उप जिलाधिकारी कैसरगंज के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को ज्ञापन भेजा। संघ ने शासन स्तर पर लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लिए जाने की मांग की है।
ज्ञापन में संघ ने कहा कि लेखपाल राजस्व प्रशासन की आधारशिला हैं और लगातार बढ़ते कार्यभार के बावजूद विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहे हैं। संघ ने पिछले कई वर्षों से लंबित मांगों पर शासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
प्रमुख मांगों में विगत 10 वर्षों से लंबित 2800 ग्रेड-पे एवं वेतन विसंगति दूर करना, पिछले करीब 16 वर्षों से लेखपाल भर्ती में वृद्धि नहीं होने के कारण नई भर्ती प्रक्रिया शुरू करना और स्टेशनरी भत्ता ₹100 से बढ़ाकर ₹500 प्रतिमाह करना शामिल है। इसके अलावा नियत यात्रा भत्ते के स्थान पर मोटरसाइकिल/वाहन भत्ता ₹1500 प्रतिमाह तथा विशेष भत्ता ₹100 से बढ़ाकर ₹1000 करने की मांग की गई है।
ज्ञापन में कहा गया कि परिषदादेश के विपरीत लेखपालों को पटलों पर सहायक/प्रभारी राजस्व निरीक्षक के रूप में संबद्ध किया जा रहा है। संघ ने ऐसे लेखपालों को तत्काल अवमुक्त किए जाने की मांग की है।
संघ ने ग्राम सचिवालयों में लेखपालों के लिए अलग कक्ष, फर्नीचर, सुरक्षित अभिलेख कक्ष, कंप्यूटर, इंटरनेट, विद्युत, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ सुरक्षा व्यवस्था भत्ता बढ़ाने की मांग भी रखी है। संघ ने शासन से सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिए जाने की उम्मीद जताई है।






