रिपोर्ट: शालेहीन शेख आलमपुर
CCTV कैमरा व जेवरात चोरी, बोलेरो चोरी के प्रयास और पुलिस टीम पर फायरिंग का भी आरोप
आजमगढ़। देवगांव थाना पुलिस ने सर्विलांस सेल और स्वाट टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये के इनामिया गैंगस्टर अभियुक्त फैजान उर्फ गुल्लू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ आजमगढ़ और जौनपुर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, गोवध, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 20 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 6 अक्तूबर को उपनिरीक्षक विनय कुमार सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि देवगांव थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में वांछित फैजान उर्फ गुल्लू गोसाईगंज-जिबली मार्ग से अपने घर की ओर जा रहा है। सूचना के बाद थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह को अवगत कराया गया। पुलिस टीम ने दादा चौक/ग्राम चौकी मोड़ से करीब 150 मीटर दूर घेराबंदी की और सुबह करीब 11:10 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक फैजान अपने साथियों के साथ 9/10 जनवरी 2024 की रात कंजहिता बाजार स्थित एक दुकान में चोरी की घटना में शामिल था। आरोप है कि इस दौरान दुकान में लगा CCTV कैमरा और जेवरात चोरी किए गए थे। इस संबंध में देवगांव थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
इसके अलावा 9 जनवरी 2024 को बोलेरो वाहन संख्या UP62 AV3931 चोरी करने के प्रयास का भी आरोपी पर आरोप है। पुलिस का कहना है कि 21 जनवरी 2024 को अभियुक्तों की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी। इस मामले में भी देवगांव थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
25 हजार से बढ़कर 50 हजार हुआ इनाम
पुलिस के अनुसार फैजान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ ने 8 सितंबर 2026 को 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। लगातार फरार रहने के बाद डीआईजी आजमगढ़ परिक्षेत्र ने 16 सितंबर 2026 को इनाम की राशि बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान फैजान उर्फ गुल्लू पुत्र कयूम, निवासी ग्राम बक्सपुर, थाना बरदह, आजमगढ़ के रूप में हुई है।
2016 से 2026 तक दर्ज हैं 20 मुकदमे
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ वर्ष 2016 से 2026 के बीच आजमगढ़ के बरदह, देवगांव, फूलपुर, सिधारी, रानी की सराय, मेहनगर और सरायमीर थानों के अलावा जौनपुर के केराकत और खेतासराय थानों में कुल 20 मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली टीम में देवगांव थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, उपनिरीक्षक विनय कुमार सिंह, कांस्टेबल तेजस शुक्ला तथा सर्विलांस सेल/स्वाट टीम के मु0आ0 संजय सिंह, अखिलेश चौधरी और उपेन्द्र सिंह चन्देल शामिल रहे।






