रिपोर्ट कासिम मलिक आगरा
नवरात्र में प्राचीन हनुमान मंदिर की बिजली आपूर्ति बाधित होने से बढ़ा आक्रोश, बिजली बहाल होने के बाद शांत हुए ग्रामीण
फतेहाबाद(आगरा) : नवरात्र के दौरान फतेहाबाद के प्राचीन हनुमान मंदिर की बिजली आपूर्ति काटे जाने से मंगलवार रात श्रद्धालुओं में नाराजगी फैल गई। आक्रोशित कस्बावासियों ने मंदिर के बाहर बाह रोड पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया और सड़क पर कीर्तन शुरू कर दिया। इस दौरान जाम लगने से आवागमन प्रभावित हुआ। पुलिस के समझाने और बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद श्रद्धालु शांत हुए।
प्राचीन हनुमान मंदिर में नवरात्र के अवसर पर दुर्गा पूजा पंडाल सजाया गया है। मंदिर परिसर और पंडाल में आकर्षक सजावट के साथ रोशनी की व्यवस्था की गई थी। आरोप है कि बिजली विभाग के कर्मचारियों ने मंदिर की बिजली आपूर्ति काट दी, जिससे पंडाल में अंधेरा छा गया और श्रद्धालुओं में आक्रोश फैल गया।
मंगलवार रात करीब आठ बजे श्रद्धालुओं ने अंधेरे में ही दुर्गा पंडाल में आरती की। इसके बाद बड़ी संख्या में कस्बावासी मंदिर के बाहर बाह रोड पर बैठ गए और विरोध जताते हुए कीर्तन करने लगे। श्रद्धालुओं ने मंदिर की बिजली तत्काल बहाल करने और आपूर्ति काटने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। इसके बाद बिजली विभाग के कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मंदिर की बिजली आपूर्ति सुचारु कराई। बिजली बहाल होने के बाद श्रद्धालुओं का गुस्सा शांत हुआ।









