रिपोर्ट : तहसील संवाददाता (फतेहाबाद) आगरा
आगरा के ग्राम गुर्जा खंडेर के लोगों ने संपूर्ण समाधान दिवस में दिया प्रार्थना पत्र, 500 मीटर लंबे पक्के आरसीसी खरंजे की उठाई मांग।
फतेहाबाद (आगरा) : आगरा जिले की फतेहाबाद तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान ग्राम गुर्जा खंडेर के ग्रामीणों ने रास्ते की बदहाली को लेकर प्रार्थना पत्र सौंपा। ग्रामीणों ने मांग की है कि उनके गांव में लगभग 500 मीटर लंबा पक्का आरसीसी खरंजा बनवाया जाए, ताकि आवागमन की समस्या से निजात मिल सके।
शिकायतकर्ता केशव सिंह, बनवारीलाल और प्रताप सिंह समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि उनके घरों तक आने-जाने के लिए कोई पक्का मार्ग नहीं है। बरसात के मौसम में इस कच्चे रास्ते पर भारी जलभराव हो जाता है, जिससे लोगों का आना-जाना दूभर हो जाता है। घरों के समीप पानी जमा रहने के कारण चारों तरफ गंदगी फैलती है और जलभराव के चलते जहरीले जीव-जंतुओं के घरों में घुसने का अंदेशा बना रहता है।
ग्रामीणों के अनुसार, इस गंभीर समस्या को लेकर उन्होंने पूर्व में छह जून 2026 को भी संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत दर्ज कराई थी। उस समय ग्राम विकास अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर जल्द खरंजा निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया था, परंतु मिट्टी की व्यवस्था न होने का हवाला देकर अब तक कोई काम शुरू नहीं किया गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पुनः गुहार लगाते हुए जल्द से जल्द खरंजा निर्माण का कार्य शुरू कराने की मांग की है। संवाददाता कासिम मलिक की रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों ने मामले को संज्ञान में लेते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।






