रिपोर्ट : तहसील संवाददाता (फतेहाबाद) आगरा
प्रसव के बाद बच्ची की हालत की जानकारी नहीं देने और ₹5 हजार अतिरिक्त मांगने का भी आरोप, परिजनों ने CMO से की शिकायत; अधीक्षक बोले—जांच के बाद होगी कार्रवाई
फतेहाबाद (आगरा)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) फतेहाबाद में प्रसव के दौरान नवजात बच्ची की मौत का मामला सामने आया है। गांव चाचीपुरा निवासी अरुण पुत्र संतोष कुमार ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO), आगरा को शिकायती पत्र देकर चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मियों पर लापरवाही बरतने तथा प्रसव के नाम पर रुपये लेने के आरोप लगाए हैं। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, अरुण बुधवार सुबह करीब छह बजे अपनी गर्भवती पत्नी सीनू को प्रसव के लिए CHC फतेहाबाद लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि प्रसव के नाम पर संबंधित चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मियों ने उनसे पहले ही 2,000 रुपये ले लिए थे।
अरुण का आरोप है कि प्रसव के दौरान कथित लापरवाही के चलते उनकी नवजात बच्ची की मौत हो गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रसव के बाद परिजनों को बच्ची से मिलने नहीं दिया गया और उसकी स्थिति के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। शिकायतकर्ता के मुताबिक, इसके बाद उनसे 5,000 रुपये की अतिरिक्त मांग भी की गई।
परिजनों का कहना है कि करीब दो घंटे बाद जब उन्होंने बच्ची को देखा तो उसकी हालत गंभीर थी। उनका आरोप है कि बच्ची की स्थिति गंभीर होने के बावजूद समुचित उपचार और देखभाल नहीं की गई। घटना के बाद परिवार ने संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए अधिकारियों से जांच की मांग की है।
मामले में CHC फतेहाबाद के अधीक्षक डॉ. अभिषेक चौहान ने बताया कि प्रसूता के परिजनों से बातचीत की गई है। उनके द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में कोई स्वास्थ्यकर्मी दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।







