रिपोर्ट : तरुण कुमार बरेली
डंडिया नवाजिश अली गांव में काले दुपट्टे में लिपटा मिला एक दिन का बच्चा, पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया; बाल संरक्षण व्यवस्था के तहत होगी कार्रवाई
बरेली। भुता थाना क्षेत्र के डंडिया नवाजिश अली गांव में सोमवार सुबह गन्ने के खेत में पानी के बीच काले दुपट्टे में लिपटा नवजात मिला। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर खेत की ओर पहुंचे ग्रामीण ने साथियों की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को स्वास्थ्य जांच के लिए जिला अस्पताल बरेली ले गई।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब नौ बजे गांव निवासी पप्पू लाल पुत्र रामदास अपने साथियों के साथ खेतों में घास काटने जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें गन्ने के खेत के पास से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि पानी भरे खेत में काले दुपट्टे में लिपटा एक नवजात पड़ा हुआ है।
पप्पू लाल ने अपने साथियों की मदद से बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला और अपने घर ले आए। इसके बाद उन्होंने घटना की सूचना कुआंडांडा पुलिस चौकी को दी।
सूचना मिलने पर कुआंडांडा चौकी प्रभारी अजय शर्मा पुलिस टीम के साथ सुबह करीब 10:30 बजे गांव पहुंचे। पुलिस नवजात को स्वास्थ्य जांच के लिए जिला अस्पताल ले गई। पुलिस के अनुसार, बच्चा करीब एक दिन का प्रतीत हो रहा है और शुरुआती जांच में उसकी हालत स्वस्थ पाई गई है।
इंस्पेक्टर रविंदर कुमार ने बताया कि नवजात लड़का है। उसकी सुरक्षा और देखभाल के लिए नियमानुसार बाल संरक्षण व्यवस्था के तहत कार्रवाई की जाएगी। वहीं, बच्चे के मिलने की जानकारी के बाद गांव के कुछ लोगों ने उसे अपनाने की इच्छा जताई है। हालांकि, नवजात को गोद लेने के लिए निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करना अनिवार्य है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात को खेत में किन परिस्थितियों में छोड़ा गया और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है।






