कालपी में बवाल: दिव्यांग युवक के साथ मारपीट, पूर्व विधायक के बेटे पर आरोप

वायरल वीडियो से स्क्रीनशॉट: कालपी के राम चबूतरा इलाके में दिव्यांग युवक से मारपीट का मामला सामने आया।
कालपी(जालौन): जनपद के कालपी कोतवाली क्षेत्र में एक दिव्यांग युवक के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि नशे की हालत में कुछ लोगों ने दिव्यांग युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। यह घटना कालपी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला राम चबूतरा की बताई जा रही है।
पीड़ित की पत्नी अनीता ने कालपी कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि बीती रात करीब साढ़े आठ बजे कुछ लोग शराब के नशे में उनके घर में घुस आए। उस समय उनके पति संदीप कुमार बीमार थे और दिव्यांग भी हैं। आरोप है कि जब संदीप कुमार ने घर में घुसने का कारण पूछा तो आरोपी भड़क गए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। महिला का कहना है कि मारपीट के दौरान उसके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया और शोर सुनकर पहुंचे लोगों के सामने ही हमलावरों ने और अधिक हिंसक रूप अपना लिया। आरोप है कि इस दौरान उसका मंगलसूत्र भी छीन लिया गया।
घटना के दौरान मौजूद लोगों ने मारपीट का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है और न्याय की गुहार लगाई है।
वहीं इस मामले में कांग्रेस की पूर्व विधायक उमा कांति सरसेला के पुत्र अजय सिंह पाल ने आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि वह नए वर्ष के अवसर पर फूल-माला लेने जा रहे थे, तभी कथित रूप से संदीप कुमार ने उनकी कार की चाबी निकाल ली और मोबाइल फोन छीन लिया। सूचना मिलने पर मोहल्ले के एक सभासद मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने बीच-बचाव का वीडियो बना लिया, जिसे बाद में गलत तरीके से वायरल कर दिया गया।
कालपी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और वायरल वीडियो सहित सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जांच में सामने आया है कि शिकायतकर्ता के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है और जांच के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।






