रिपोर्ट : तहसील संवाददाता (फतेहाबाद) आगरा
फतेहाबाद के टीकतपुरा खंडेर गांव में रास्ते को लेकर हुआ विवाद, पति-पत्नी की हालत गंभीर; दोनों को आगरा किया गया रेफर
फतेहाबाद (आगरा)। थाना क्षेत्र के टीकतपुरा खंडेर गांव में बुधवार शाम खेत में आने-जाने के रास्ते को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले। घटना में दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां गंभीर हालत को देखते हुए पूरन सिंह और उनकी पत्नी मोहन देवी को आगरा रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, टीकतपुरा खंडेर निवासी सनी पुत्र भूरी सिंह के खेतों तक जाने के लिए गांव के ही पूरन सिंह पुत्र चंद्रभान के खेतों से होकर रास्ता जाता है। बुधवार शाम पूरन सिंह पक्ष ने अपने खेतों से होकर निकलने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। इसके बाद जमकर लाठी-डंडे चले।
मारपीट में एक पक्ष से राधा देवी पत्नी सनी, शकुंतला देवी पत्नी भूरी सिंह और शीतल पत्नी सर्वेश घायल हो गईं। वहीं, दूसरे पक्ष से मोहन देवी पत्नी पूरन सिंह, पूरन सिंह और उनके भतीजे की पत्नी राजकुमारी को चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने पूरन सिंह और उनकी पत्नी मोहन देवी की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए आगरा रेफर कर दिया। खेत में आने-जाने के रास्ते को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदलने से गांव में घटना को लेकर चर्चा रही।





