रिपोर्ट : तहसील संवाददाता (फतेहाबाद) आगरा
यूरिया-डीएपी की उपलब्धता, खाद की ओवररेटिंग पर रोक और बिजली आपूर्ति में सुधार की उठाई मांग; निबोहरा क्षेत्र में नियमित पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की भी अपील
फतेहाबाद (आगरा)। किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन चौधरी चरण सिंह ने जिलाधिकारी के नाम जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने यूरिया और डीएपी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने, खाद की ओवररेटिंग और जबरन टैगिंग पर रोक लगाने तथा बंद सहकारी समितियों को दोबारा चालू कराने की मांग उठाई।
संगठन ने निबोहरा सहकारी समिति को दोबारा संचालित करने और बीलपुरा में प्रस्तावित नवीन सहकारी समिति की शेष औपचारिकताएं पूरी कर जल्द चालू कराने पर जोर दिया। पदाधिकारियों का कहना है कि बीलपुरा में सहकारी समिति शुरू होने से निबोहरा और आसपास के गांवों के किसानों को खाद के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में नहीं भटकना पड़ेगा। इससे किसानों को खेती के समय खाद उपलब्ध कराने में भी सहूलियत मिलेगी।
किसान यूनियन ने निजी नलकूपों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने की मांग भी की। इसके साथ ही निबोहरा क्षेत्र में पशु चिकित्सक की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और तहसील की सभी सहकारी समितियों का नियमित संचालन कराने की मांग रखी गई। संगठन ने जिन समितियों में कर्मचारियों की कमी है, वहां आवश्यक स्टाफ की व्यवस्था करने की भी अपील की।
ज्ञापन के माध्यम से किसान नेताओं ने प्रशासन से समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण कराने की मांग की, ताकि किसानों को खाद, सिंचाई और पशु चिकित्सा सेवाओं से जुड़ी परेशानियों का सामना न करना पड़े।
इस दौरान जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र उपाध्याय, जिला प्रवक्ता प्रदीप सिंह, जिला संरक्षक अमित शर्मा, जितेंद्र कुमार शर्मा, जोगी गुर्जर, रोहित प्रताप, राहुल कुशवाह और डॉ. रामनिवास सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।





