रिपोर्ट : विपुल तिवारी आजमगढ़
कर्ज नहीं चुकाने पर बकाया करीब पांच लाख रुपये हुआ, राजस्व टीम ने पुलिस की मौजूदगी में जमीन पर लाल झंडी लगाई।
आजमगढ़ की फूलपुर तहसील के खंडौरा गांव में मेवालाल पुत्र रामफेर की जमीन कर्ज की वसूली के लिए कुर्क की गई। मेवालाल ने वर्ष 2007 में उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की मित्तूपुर शाखा से करीब 1.20 लाख रुपये का किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) कर्ज लिया था। कर्ज नहीं चुकाने पर बकाया राशि बढ़कर लगभग पांच लाख रुपये हो गई।
बैंक की ओर से कर्ज वसूली के लिए कई बार नोटिस दिए गए, लेकिन बकाया राशि जमा नहीं हुई। इसके बाद 5 अक्टूबर 2026, सोमवार को राजस्व टीम ने पुलिस की मौजूदगी में कुर्की की कार्रवाई की। इस दौरान जमीन पर लाल झंडी भी लगाई गई।
कार्रवाई के दौरान गाटा संख्या 73, 1016, 1019 और 694 मि. की जमीन की पहचान की गई। इन सभी गाटों की कुल जमीन 0.5540 हेक्टेयर बताई गई है।
मौके पर राजस्व कानूनगो, हल्का लेखपाल, राजस्व अमीन और बैंक प्रबंधक मौजूद रहे। विभाग की ओर से नियमानुसार कार्रवाई की गई।






