कुठौंद के मदारीपुर गांव में कर्ज और खराब फसल से परेशान किसान गया प्रसाद का शव बबूल के पेड़ से लटका मिला।
कुठौंद(जालौन) : जालौन के कुठौंद थाना क्षेत्र के मदारीपुर गांव में दलित किसान की आत्महत्या से गांव में हड़कंप मच गया। मृतक किसान गया प्रसाद ने कथित तौर पर खेत में बबूल के पेड़ से फांसी लगाकर जान दे दी।
परिजनों के अनुसार, लगातार हुई अधिक बारिश से किसान की फसल बर्बाद हो गई थी। बताया गया कि गया प्रसाद ने कर्ज लेकर अपनी खेती के साथ-साथ बलकट पर भी खेती की थी, लेकिन फसल खराब होने से वह गहरे आर्थिक संकट में आ गए थे।
घटना की सूचना मिलते ही कुठौंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
किसान की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है।







