एट के पिरौना चौकी के पास चेकिंग के दौरान विवाद, अधिकारी ने बॉडी वॉर्न कैमरा छीनकर धान के खेत में फेंकने का भी लगाया आरोप।
एट(जालौन) : जालौन के एट कोतवाली क्षेत्र में रोडवेज चेकिंग के दौरान यातायात निरीक्षक और परिचालक के बीच विवाद मारपीट में बदल गया। अधिकारी की तहरीर पर उरई डिपो के परिचालक विकास कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, एनएच-27 स्थित पिरौना चौकी के पास चेकिंग के दौरान बस में छह यात्री बिना टिकट मिले। इस पर यातायात निरीक्षक ने परिचालक के विरुद्ध कार्रवाई शुरू की, जिससे विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि कार्रवाई से नाराज परिचालक ने यातायात निरीक्षक के साथ मारपीट की। अधिकारी ने यह भी आरोप लगाया कि विवाद के दौरान परिचालक ने उनकी शर्ट पर लगा बॉडी वॉर्न कैमरा छीनकर पानी भरे धान के खेत में फेंक दिया।
घटना के बाद एट कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







