भैंस बांधने के विवाद में गई बुजुर्ग की जान, प्राइवेट पार्ट पर लात लगने से बिगड़ी हालत, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
मृतक बुजुर्ग के घर के बाहर मौजूद परिजन।
मामूली विवाद ने लिया दुखद मोड़,मारपीट के बाद बेहोश हुए बुजुर्ग, इलाज से पहले हुई मौत,गांव में घटना के बाद मची हलचल, पुलिस ने संभाला मोर्चा,तहरीर मिलते ही आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू
कदौरा(जालौन) : जालौन जिले के कदौरा थाना क्षेत्र के ताहरपुर गांव में भैंसों को बांधने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद एक बुजुर्ग की मौत का कारण बन गया। बताया जा रहा है कि दो बुजुर्गों के बीच कहासुनी के दौरान मारपीट हो गई, जिसमें एक बुजुर्ग ने दूसरे के प्राइवेट पार्ट पर लात मार दी। इसके बाद 70 वर्षीय सगनु राईन मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कदौरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
भैंस बांधने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार ताहरपुर गांव निवासी 70 वर्षीय जगराम कुशवाहा और 70 वर्षीय सगनु राईन के बीच भैंसों को बांधने को लेकर विवाद हो गया। शुरुआत में दोनों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।
मारपीट के दौरान बिगड़ी बुजुर्ग की हालत
आरोप है कि विवाद के दौरान जगराम कुशवाहा ने सगनु राईन के प्राइवेट पार्ट पर लात मार दी। चोट लगने के बाद सगनु राईन अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कदौरा पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद गांव में मचा हड़कंप
बुजुर्ग की मौत की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कदौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, जांच शुरू
मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी बुजुर्ग के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्राधिकारी कालपी राजेश कमल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।







