उरई कलेक्ट्रेट में आशा कार्यकत्रियों ने डीएम समीर का घेराव कर धरना दिया, 29 सितंबर तक मांगें पूरी न होने पर 30 सितंबर से लखनऊ में आंदोलन की चेतावनी।
उरई(जालौन) : जालौन के उरई स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में गुरुवार को ऑल आशा एवं आशा संगिनी कार्यकत्री सेवा समिति के बैनर तले आशा कार्यकत्रियों और आशा संगिनियों ने प्रदर्शन किया। कार्यकत्रियों ने मानदेय बढ़ाने, राज्य कर्मचारी का दर्जा देने तथा विभागीय सुविधाएं बहाल करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकत्रियां जिलाधिकारी समीर को कार्यालय से बाहर बुलाने की मांग पर अड़ गईं। डीएम के बाहर नहीं आने पर कई कार्यकत्रियां उनके कक्ष के बाहर करीब 30 मिनट तक धरने पर बैठ गईं। सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर कायम रहीं।
कार्यकत्रियों का कहना है कि अन्य संविदा कर्मचारियों का मानदेय बढ़ाया गया, जबकि आशा और आशा संगिनियों को इससे वंचित रखा गया। उन्होंने मोबाइल रिचार्ज सुविधा बहाल करने और बंद यूसीजी सिम दोबारा चालू कराने की भी मांग की।
संगठन की जिलाध्यक्ष राजकुमारी सिद्ध ने बताया कि कदौरा ब्लॉक की सिम पिछले दो माह से बंद होने के कारण विभागीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं। बाद में सीएमओ हरिनंदन और सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
कार्यकत्रियों ने चेतावनी दी कि यदि 29 सितंबर तक मांगें पूरी नहीं हुईं तो 30 सितंबर से लखनऊ के इको गार्डन में बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।







