घुसिया ग्राम पंचायत में नाबालिगों के जॉब कार्ड से मनरेगा धनराशि निकालने का आरोप, एसडीएम से जांच की मांग

0
जालौन के कोंच तहसील की ग्राम पंचायत घुसिया में मनरेगा योजना में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग संबंधी उपजिलाधिकारी को दिया गया शिकायत पत्र।

कोंच(जालौन): जालौन जिले के कोंच परगना स्थित ग्राम पंचायत घुसिया के एक निवासी ने ग्राम प्रधान पर नाबालिगों के नाम से जॉब कार्ड बनवाकर मनरेगा योजना के तहत कथित रूप से धनराशि निकालने और तालाब की जेसीबी से खुदाई कर मिट्टी बिक्री कराने का आरोप लगाया है। मामले में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कोंच को शिकायत पत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की गई है ।


प्राप्त शिकायत पत्र के अनुसार, प्रार्थी प्रद्युम्न पटेरिया पुत्र राजकिशोर, निवासी ग्राम घुसिया, परगना कोंच, जिला जालौन ने उपजिलाधिकारी कोंच को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत घुसिया के ग्राम प्रधान द्वारा नाबालिगों के नाम से जॉब कार्ड बनवाकर मनरेगा/रामजीराम योजना के अंतर्गत कथित रूप से फर्जी तरीके से धनराशि आहरित की गई।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि तालाब की जेसीबी से खुदाई कराकर मिट्टी की बिक्री की गई, जिससे सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया गया है।


शिकायतकर्ता ने अपने आवेदन में दावा किया है कि जॉब कार्ड धारक रिया पुत्री मुनेश कुशवाहा (जन्मतिथि 17 अक्टूबर 2008) तथा तान्या पुत्री मुनेश (जन्मतिथि 1 जनवरी 2011) नाबालिग हैं। आवेदन में कहा गया है कि इनकी जन्मतिथि आधार कार्ड के अनुसार है।


मामले की शिकायत पहले भी उपजिलाधिकारी कोंच से की गई थी, लेकिन शिकायतकर्ता के अनुसार अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

प्रार्थी ने उपजिलाधिकारी से ग्राम पंचायत के विकास कार्यों, तालाब की खुदाई, मिट्टी बिक्री तथा नाबालिगों के जॉब कार्ड के माध्यम से निकाली गई कथित धनराशि की जांच कराने की मांग की है। साथ ही दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

इस संबंध में समाचार लिखे जाने तक उपजिलाधिकारी कार्यालय अथवा संबंधित ग्राम प्रधान का आधिकारिक पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है। पक्ष प्राप्त होने पर समाचार को अपडेट किया जाएगा।

फिलहाल मामला शिकायत पत्र के आधार पर जांच की मांग का है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद प्रशासन की आधिकारिक रिपोर्ट आने पर ही तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।

About The Author

Leave a Reply

You may have missed