बुंदेलखंड में जलक्रांति: जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने चमारी गांव से किया शंखनाद, केन-बेतवा लिंक से बदल जाएगी खेती की तस्वीर

0
जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह कदौरा के चमारी गांव में जल अर्पण कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों के साथ संवाद करते हुए।

रिपोर्ट : राहुल, जालौन।UP SAMVAD

जनपद जालौन : उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘हर घर नल से जल’ योजना अब बुंदेलखंड के सुदूर गांवों तक पूरी गति से पहुंच चुकी है। इसी क्रम में, जनपद जालौन के कदौरा विकास खंड स्थित चमारी गांव में एक गरिमामयी ‘जल अर्पण’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और जल जीवन मिशन के तहत तैयार की गई पेयजल परियोजना को आधिकारिक रूप से ग्राम पंचायत को सौंपा।

​बुंदेलखंड का बदलेगा कृषि परिदृश्य

​कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बुंदेलखंड के विकास के लिए एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। इन दो नदियों के आपस में जुड़ने से बुंदेलखंड की सिंचाई व्यवस्था में एक ऐतिहासिक बदलाव आएगा। मंत्री ने विश्वास जताते हुए कहा, “केन-बेतवा के जुड़ने के बाद हमारे किसान तीन-तीन फसलों का उत्पादन करने में सक्षम होंगे, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था और किसानों की आय में क्रांतिकारी सुधार आएगा।”

​’नल से जल’ और सरकार की जन-कल्याणकारी नीतियां

​जलशक्ति मंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि आज सरकार केवल पानी ही नहीं, बल्कि हर गरीब के घर तक बिजली, पक्की सड़कें, फ्री राशन और किसान सम्मान निधि जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि चमारी गांव में नल से जल की सुविधा पाकर ग्रामीणों का जीवन सुगम हुआ है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि गांव में जो 10 परिवार विस्थापित हुए हैं, उनके घरों में भी बहुत जल्द पानी की सप्लाई सुनिश्चित कर दी जाएगी।

​जल संरक्षण की जिम्मेदारी, अब जनता के हाथ

​जलशक्ति मंत्री ने ग्रामीणों को सचेत करते हुए कहा कि सरकार ने बुनियादी ढांचा खड़ा कर दिया है, लेकिन अब इसे संरक्षित करने की जिम्मेदारी ग्रामवासियों की है। उन्होंने जल संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए कहा, “हमें पानी की एक-एक बूंद बचानी होगी ताकि आने वाली पीढ़ियों को जल संकट का सामना न करना पड़े।” इस दिशा में सरकार ने प्रदेश भर के 35,000 से अधिक सरकारी भवनों में रूफटॉप रेन वॉटर हार्वेस्टिंग और बुंदेलखंड में 6,500 चेकडैम व खेतों में तालाबों का निर्माण करवाया है।

​ग्रामीणों में खुशी की लहर

​कभी मीलों दूर से पानी लाने को मजबूर रहे चमारी गांव के ग्रामीणों के लिए यह एक स्वप्न जैसा था। अपने घर में नल से आता स्वच्छ जल देखकर ग्रामीण भावुक हो गए। उन्होंने संकल्प लिया कि वे न केवल पानी का सदुपयोग करेंगे, बल्कि संरक्षण के प्रति पूरी सतर्कता बरतेंगे। कार्यक्रम के दौरान नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव ने जल जीवन मिशन की तकनीकी उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

​इस ऐतिहासिक अवसर पर जालौन के जिला पंचायत अध्यक्ष/प्रशासक घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरजंन, एमएलसी रमा निरंजन, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह सहित जल जीवन मिशन के तमाम अधिकारी व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

You may have missed