दाह संस्कार से लौटते समय मारपीट का आरोप, परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अंतिम संस्कार रोक दिया।
जालौन के रामपुरा थाना क्षेत्र के छोटी बेड़ कदमपुरा गांव में दाह संस्कार से लौट रहे रमेश उर्फ पप्पू पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल रमेश की ग्वालियर में करीब आठ दिन तक चले उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, रमेश गांव में एक व्यक्ति के दाह संस्कार में शामिल होने गए थे। आरोप है कि लौटते समय रास्ते में गांव के चार लोगों ने उन्हें रोककर मारपीट शुरू कर दी। हमले में रमेश गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना उनके भाई और भतीजे ने देखी, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग गए।
परिजन घायल रमेश को रामपुरा अस्पताल लेकर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया, जहां करीब आठ दिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
रमेश का शव गांव पहुंचने के बाद परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। सूचना पर रामपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।
इसके बाद सीओ अंबुज सिंह यादव मौके पर पहुंचे और परिजनों को आरोपियों के खिलाफ जांच कर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मृतक के परिवार में पत्नी मीरा देवी (50), पुत्र विनय कुमार (21), विकास कुमार (18) और पुत्री ज्योति (15) समेत दो विवाहित बेटियां हैं। रमेश मेहनत-मजदूरी और खेती-किसानी से परिवार का भरण-पोषण करते थे।







