कोंच के अंडा-बिरगुवाँ रोड पर SOG, सर्विलांस और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई; एक बदमाश के पैर में गोली लगी, दो ने आत्मसमर्पण किया।
कोंच(जालौन) : जालौन के कोंच कोतवाली क्षेत्र में रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी के घर डकैती करने वाले तीन बदमाश पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिए गए। अंडा-बिरगुवाँ गांव रोड पर हुई कार्रवाई के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर दो राउंड फायर किए, जिसके जवाब में पुलिस ने भी दो राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में रवि अहिरवार के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथियों ने मुठभेड़ के दौरान पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस के अनुसार, जन्माष्टमी की रात तीनों बदमाशों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी और उनकी पत्नी को बंधक बनाकर घर में घुसकर जेवरात और नकदी लूटी थी। घटना के खुलासे के लिए SOG, सर्विलांस और कोंच कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम विशेष अभियान चला रही थी।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, एक ई-रिक्शा, डकैती में लूटे गए 35 हजार रुपये नकद तथा सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं।
घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी और सीओ परमेश्वर प्रसाद भी मौके पर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि डकैती में शामिल दो अन्य फरार बदमाशों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।








