कड़ाके की ठंड में रैन बसेरे की जमीनी हकीकत परखने पहुंचे उपजिलाधिकारी, आधी रात किया औचक निरीक्षण

0
IMG-20251229-WA0090

कड़ाके की ठंड में कालपी नगर के रैन बसेरे का रात्रिकालीन औचक निरीक्षण करते उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह, व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए।

जालौन : जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देशों के अनुपालन में कड़ाके की ठंड और शीतलहर के मद्देनज़र उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने रविवार देर रात कालपी नगर क्षेत्र में संचालित रैन बसेरे का रात्रिकालीन औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य शासन द्वारा ठंड से बचाव के लिए की गई व्यवस्थाओं की जमीनी स्थिति का आकलन करना तथा निराश्रित, असहाय और बेसहारा लोगों को सुरक्षित आश्रय सुनिश्चित करना रहा।निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी ने रैन बसेरे में ठहरे लोगों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने ठहरने की व्यवस्था, बिस्तर और कंबल, अलाव, साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल, विद्युत प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था का विस्तार से निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी स्तर पर कोई कमी न रहने पाए और सभी मूलभूत सुविधाएं नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाएं।उपजिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि भीषण ठंड के इस दौर में कोई भी व्यक्ति खुले आसमान के नीचे सोने को मजबूर न हो। इसके लिए नगर पालिका और संबंधित विभागों को रात में नियमित गश्त कर जरूरतमंदों को रैन बसेरे तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। साथ ही अतिरिक्त कंबलों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।निरीक्षण के दौरान यह भी निर्देश दिए गए कि रैन बसेरे में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का विधिवत पंजीकरण किया जाए, ताकि उनकी संख्या और आवश्यकताओं का सटीक आकलन हो सके। लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

रिपोर्ट: मुहम्मद साजिद, जालौन |UP SAMVAD
Source: Local Sources

Leave a Reply

You may have missed