‘खाकी’ के नाक के नीचे खूनी खेल: जालौन में सीओ आवास से 100 कदम दूर युवक को मरणासन्न करने वाले दबंग कौन? महिला से अभद्रता, रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो वायरल!

रिपोर्ट : राहुल, जालौन।UP SAMVAD
उरई (जालौन) : उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के तमाम सरकारी दावों को ठेंगा दिखाते हुए जालौन के उरई से एक ऐसा रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पुलिसिया इकबाल पर गंभीर सवालिया निशान लगा दिए हैं। उरई कोतवाली क्षेत्र के अजनारी रोड पर सरेराह, सरेबाजार एक युवक को लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से इस कदर पीटा गया कि देखने वालों की रूह कांप गई। कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाता यह खूनी खेल किसी सुनसान इलाके में नहीं, बल्कि इलाके के सबसे वीआईपी और सुरक्षित माने जाने वाले जोन में खेला गया। इस सनसनीखेज वारदात का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है।
सीओ आवास और पुलिस चौकी से महज 100 कदम दूर ‘तांडव’
इस पूरी वारदात की सबसे चौंकाने वाली और शर्मनाक हकीकत यह है कि जहाँ यह खूनी संघर्ष और शराबियों का नंगा नाच चल रहा था, वहाँ से महज 100 कदम की दूरी पर स्थानीय पुलिस चौकी और क्षेत्राधिकारी (CO) का सरकारी आवास है। खोजी पड़ताल में यह बात सामने आई है कि दबंगों और शराबियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्हें न तो खाकी का खौफ है और न ही कानून का। जब अजनारी रोड पर युवक की चमड़ी उधेड़ी जा रही थी, चीख-पुकार मची थी, तब चंद कदमों की दूरी पर बैठी पुलिस को भनक तक नहीं लगी या यूं कहें कि व्यवस्था ने अपनी आंखें मूंद रखी थीं। यह सीधे तौर पर कानून को खुली चुनौती है कि रसूखदार और शराबी पुलिस की नाक के नीचे समानांतर सत्ता चला रहे हैं।
मंदिर और कोचिंग संस्थान के पास ‘मधुशाला’: नियमों को ताक पर रखकर अलॉटमेंट?
हमारी खोजी टीम ने जब इस खूनी झड़प की जड़ों को खंगाला, तो आबकारी विभाग और स्थानीय प्रशासन की एक बड़ी लापरवाही सामने आई। जिस शराब ठेके के बाहर यह पूरा तांडव हुआ, उसके ठीक पास में एक पवित्र मंदिर और प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान है। नियमानुसार, धार्मिक स्थलों और शैक्षणिक संस्थानों के तय दायरे के भीतर शराब की दुकानों का संचालन प्रतिबंधित होता है। लेकिन अजनारी रोड पर इस नियम की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। दिन ढलते ही यहाँ कोचिंग से निकलने वाली छात्राओं और मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं का निकलना दूभर हो जाता है। स्थानीय निवासियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि इस ठेके पर आए दिन शराबियों का जमावड़ा रहता है और राह चलती महिलाओं पर फब्तियां कसी जाती हैं, जिसकी परिणति आज इस भयावह मारपीट के रूप में देखने को मिली है।
क्रूरता की हद: वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आधा दर्जन से अधिक दबंग एक निहत्थे युवक पर लाठियां बरसा रहे हैं। जब युवक जमीन पर गिर जाता है, तो उस पर भारी-भरकम ईंट और पत्थरों से हमला किया जाता है।
मदद को आगे आई महिला से अभद्रता, तमाशबीन बनी रही भीड़
इस खौफनाक मंजर के बीच इंसानियत को झकझोर देने वाली एक और तस्वीर सामने आई। जब पूरा बाजार और राहगीर मूकदर्शक बनकर इस गुंडागर्दी का लाइव तमाशा देख रहे थे, तब एक महिला ने अपनी जान की परवाह किए बिना बीच-बचाव करने की हिम्मत दिखाई। वह लगातार दबंगों के आगे हाथ जोड़ती रही और युवक को बख्श देने की भीख मांगती रही। लेकिन शराब के नशे और सत्ता के रसूख में चूर दबंगों ने उस महिला को भी नहीं बख्शा। हमलावरों ने महिला के साथ न सिर्फ बेहद अभद्र व्यवहार किया, बल्कि उसे धक्का देकर दूर ढकेल दिया। महिला से सरेराह हुई यह बदसलूकी ‘मिशन शक्ति’ और महिला सुरक्षा के दावों की जमीनी हकीकत को बयां करने के लिए काफी है।
वायरल वीडियो के बाद जागी पुलिस, उठ रहे हैं तीखे सवाल
सोशल मीडिया पर वीडियो के तूल पकड़ने और चौतरफा किरकिरी होने के बाद अब उरई कोतवाली पुलिस हरकत में आने का दावा कर रही है। पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। लेकिन सवाल यह उठता है कि:
- आखिर वीआईपी इलाके में इतनी बड़ी वारदात होने तक पुलिस पेट्रोलिंग कहाँ सो रही थी?
- मंदिर और कोचिंग संस्थान के पास चल रहे इस अवैध माहौल पर अब तक आबकारी और स्थानीय पुलिस ने आंखें क्यों मूंद रखी थीं?
- क्या इस खूनी खेल के पीछे किन्हीं सफेदपोशों या स्थानीय रसूखदारों का हाथ है, जिसके कारण पुलिस त्वरित कार्रवाई करने से कतरा रही है?
जालौन की जनता अब इस गुंडागर्दी के खिलाफ और अजनारी रोड पर कानून का राज वापस कायम करने के लिए ठोस और नजीर बनने वाली कार्रवाई का इंतजार कर रही है।






