कोंच: नाबालिग से 6 महीने तक दरिंदगी, नशीला पदार्थ खिलाकर किया दुष्कर्म; वीडियो बनाकर दी धमकी

कोंच (जालौन): जालौन जिले के कोंच कोतवाली क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहाँ एक नाबालिग बालिका के साथ पिछले छह महीने से डरा-धमकाकर दुष्कर्म किए जाने का सनसनीखेज आरोप लगा है। पीड़िता के पिता ने शुक्रवार को कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
नशीला पदार्थ खिलाकर बनाया शिकार
पीड़िता के पिता द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, आरोपी युवक ने उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर एक अज्ञात स्थान पर ले गया। आरोप है कि वहाँ बालिका को नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया। हैवानियत यहीं नहीं रुकी, आरोपी ने इस पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया।
6 महीने तक ब्लैकमेलिंग का खेल
तहरीर में बताया गया है कि आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पिछले छह महीने से नाबालिग का शारीरिक शोषण करता रहा। वह पीड़िता को डराता था कि यदि उसने मुँह खोला तो वीडियो सार्वजनिक कर उसे और उसके परिवार को बदनाम कर देगा। इसी खौफ के साये में मासूम चुपचाप जुल्म सहती रही।
परिजनों को दी जानकारी, कोतवाली में तहरीर
09 जनवरी 2026 को पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर आपबीती अपने पिता को सुनाई, जिसे सुनकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। शुक्रवार को पिता ने आवश्यक दस्तावेजों के साथ कोंच कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोंच पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि— “तहरीर प्राप्त हुई है, तथ्यों की जांच की जा रही है। नाबालिग का चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल) कराया जाएगा और जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
नोट: यह समाचार तहरीर में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपी को दोषी या निर्दोष ठहराने का निर्णय जांच/अदालत के बाद होगा।
मुहम्मद साजिद (मुख्य संस्थापक सीईओ), UP Samvad | उत्तर प्रदेश आधारित स्वतंत्र डिजिटल समाचार मंच। जनहित, तथ्यपरक और निष्पक्ष पत्रकारिता के सिद्धांतों के साथ समाचारों के जिम्मेदार प्रकाशन हेतु प्रतिबद्ध।






