पहलवान बाड़ा में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों से मारपीट का VIDEO वायरल

0
पहलवान बाड़ा में दो पक्षों की लाठी-डंडों से मारपीट का वायरल वीडियो

जालौन कोतवाली क्षेत्र में मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, युवक ने सभासद समेत कई लोगों पर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप लगाया।

जालौन : जालौन क्षेत्र के मोहल्ला पहलवान बाड़ा में मामूली विवाद के बाद दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे और महिलाओं की मौजूदगी में भी हिंसक झड़प जारी रही। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाद के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला करने लगे। वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के लोग मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव का प्रयास करते नजर आते हैं।


घायल युवक का आरोप है कि वह अपने घर के बाहर बैठा था, तभी सभासद समेत कई लोगों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से उस पर हमला कर दिया। उसने हमले में गंभीर चोट आने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जबकि दूसरे पक्ष के लोगों को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बनी रही।


पुलिस ने घायल युवक की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो, तहरीर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Leave a Reply