सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में सप्त शक्ति संगम कार्यक्रम आयोजित

सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित सप्त शक्ति संगम कार्यक्रम
कोंच(जालौन): कोंच नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में गुरुवार को विद्या भारती योजना के अंतर्गत सप्त शक्ति संगम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती माता की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं अर्चना निरंजन, मुख्य अतिथि निधि सिंघल, मुख्य वक्ता राजयोगिनी मीना दीदी, भाजपा नगर अध्यक्ष अंजू अग्रवाल तथा ब्रह्मकुमारी सरिता दीदी सहित अन्य अतिथियों ने सहभागिता की।कार्यक्रम में सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या आभा तिवारी ने अतिथियों का परिचय कराया तथा बैज अलंकरण के माध्यम से उनका स्वागत किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में मातृ शक्ति की भूमिका सर्वोपरि है और संस्कारवान समाज की नींव घर से ही पड़ती है।मुख्य अतिथि निधि सिंघल ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम नारी शक्ति को आत्मबल, आत्मविश्वास और सामाजिक चेतना से जोड़ने का कार्य करते हैं। वहीं मुख्य वक्ता राजयोगिनी मीना दीदी ने नारी शक्ति के आध्यात्मिक एवं सामाजिक स्वरूप पर प्रकाश डाला। ब्रह्मकुमारी सरिता दीदी ने “नारी तू ही शक्ति, तू ही है भाग्य विधाता” गीत की प्रस्तुति देकर वातावरण को भावविभोर कर दिया। इसके अतिरिक्त रंजना एवं नीतू ने भी सांस्कृतिक गीत प्रस्तुत किए।कार्यक्रम की अध्यक्ष अर्चना निरंजन ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संदेश देते हुए महिलाओं को शिक्षा और संस्कार का संवाहक बताया। संचालन वंदना अवस्थी ने किया।इस अवसर पर मातृ शक्ति राजेश्वरी देवी को परिवार को संस्कारवान बनाने हेतु, विनीता सीरौठिया (पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष) को सामाजिक योगदान के लिए, अंजू अग्रवाल को संगठनात्मक कार्यों हेतु, मुन्नी देवी अग्रवाल को संगठन के प्रति समर्पण के लिए तथा भारती महंत एवं रुचि महंत को विद्यालय हेतु भूमि दान के लिए स्मृति चिन्ह व शॉल भेंट कर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्या भारती द्वारा निर्धारित प्रश्नों के माध्यम से महिलाओं की सक्रिय सहभागिता भी देखने को मिली।
मुहम्मद साजिद (मुख्य संस्थापक सीईओ), UP Samvad | उत्तर प्रदेश आधारित स्वतंत्र डिजिटल समाचार मंच। जनहित, तथ्यपरक और निष्पक्ष पत्रकारिता के सिद्धांतों के साथ समाचारों के जिम्मेदार प्रकाशन हेतु प्रतिबद्ध।






