रिपोर्ट कासिम मलिक आगरा
आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के मद्देनजर तीन पालियों में अधिकारियों की ड्यूटी, संदिग्ध गतिविधियों पर रखी जा रही नजर
फतेहाबाद (आगरा)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन को लेकर प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शंकरपुर घाट पर एसएसटी (स्थैतिक निगरानी टीम) और एफएसटी (उड़नदस्ता टीम) की तैनाती की गई है। टीमें चेकिंग कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही हैं।
तहसीलदार शिखर मिश्रा के अनुसार, एसएसटी टीम में तीन अधिकारियों की अलग-अलग पालियों में ड्यूटी लगाई गई है। सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक अपर जिला सहकारी अधिकारी अरविंद कुमार चौहान, दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. कृष्णा यादव और रात 10 बजे से सुबह 8 बजे तक आबकारी निरीक्षक प्रेमनारायण निरंजन जिम्मेदारी संभालेंगे।
वहीं, एफएसटी टीम में आयकर विभाग के सहायक आयुक्त योगेश कुमार चौहान, दीपांकर और कुलदीप को तैनात किया गया है। ये टीमें निर्वाचन के मद्देनजर निगरानी और जांच की कार्रवाई करेंगी।
तहसीलदार ने बताया कि चुनाव के दौरान निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई जा सके।






