रिपोर्ट कासिम मलिक फतेहाबाद
अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में ‘वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत निकाला जुलूस, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
फतेहाबाद। अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध और चुनाव से जुड़े मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को फतेहाबाद में प्रदर्शन किया। ‘वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत कार्यकर्ता जुलूस निकालकर आंबेडकर चौक पर चुनाव आयोग का पुतला फूंकने जा रहे थे। रोडवेज बस स्टैंड के पास पुलिस ने जुलूस को रोक दिया।
जुलूस की जानकारी मिलते ही इंस्पेक्टर विनोद कुमार मिश्र और अपराध निरीक्षक पुरुषोत्तम पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने करीब ढाई दर्जन सपा कार्यकर्ताओं को रोक लिया। कार्यकर्ता करीब सवा घंटे तक पुलिस की निगरानी में रहे। इसके बाद सभी को छोड़ दिया गया।
इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में कार्यकर्ता आंबेडकर चौक पहुंचे, जहां राष्ट्रगीत गाया गया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार शेखर मिश्रा को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से सपा नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई। इसके साथ ही चुनाव प्रक्रिया और मताधिकार से जुड़े विभिन्न मुद्दों को भी ज्ञापन में शामिल किया गया।








