रिपोर्ट : तरुण कुमार बरेली
राष्ट्रीय सचिव ने 50 हजार से अधिक लोगों के जुटने की जताई उम्मीद, 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों और भाजपा के साथ गठबंधन पर भी रखी बात
बरेली। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय सचिव रविंद्र मणि निषाद बरेली पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के बाद उन्होंने बताया कि आगामी 21 अक्टूबर को दिल्ली में पार्टी की ओर से संवैधानिक सुरक्षा अधिकार महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सम्मेलन में 50 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद जताई।
रविंद्र मणि निषाद ने कहा कि यह पदाधिकारियों का महासम्मेलन होगा। इसके लिए बरेली मंडल में विधानसभा, बूथ, सेक्टर और जोन स्तर पर जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। प्रत्येक जोन से पदाधिकारियों को दिल्ली ले जाने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने के साथ ही इस अभियान से 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को भी गति मिलेगी।
राष्ट्रीय सचिव ने बरेली मंडल को निषाद-कश्यप बहुल क्षेत्र बताते हुए कहा कि मजबूत संगठन के दम पर यहां कई सीटें जीती जा सकती हैं। उन्होंने दावा किया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इस बार निषाद पार्टी को प्रतिनिधित्व मिलने जा रहा है और जहां संगठन मजबूत होगा, वहीं से प्रत्याशी उतारे जाएंगे।
भाजपा के साथ गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी एनडीए की घटक दल है और आगे भी गठबंधन में बनी रहेगी। उन्होंने गठबंधन को समाज के हित में बताते हुए दावा किया कि मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद के प्रयासों से समाज के लोगों को करोड़ों रुपये की परियोजनाओं और योजनाओं का लाभ मिला है। उनके मुताबिक, पहले समाज को इस तरह का लाभ नहीं मिल पाता था।
पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप के भाजपा छोड़ने से जुड़े सवाल पर रविंद्र मणि निषाद ने उन्हें निषाद पार्टी में आने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि यदि धर्मेंद्र कश्यप पार्टी में आते हैं, तो उन्हें उनके कद के अनुरूप सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी इच्छा के अनुसार उन्हें चुनाव लड़ाने पर विचार किया जा सकता है।






