जालौन: दहगुवां में दबंगों का तांडव; विवाहिता को निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटा, जेवर लूटे, वीडियो वायरल

0
जालौन के दहगुवां गांव में महिला के साथ मारपीट और अभद्रता के बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय में न्याय की गुहार लगाती पीड़िता

रिपोर्ट : राहुल, जालौन।UP SAMVAD

जालौन। जनपद के जालौन कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम दहगुवां में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ मामूली जमीन विवाद के चलते दबंगों ने एक विवाहिता के साथ न केवल बेरहमी से मारपीट की, बल्कि सरेआम उसके कपड़े फाड़कर उसे निर्वस्त्र कर दिया और कीमती आभूषण लूट लिए। इस पूरी रूह कंपा देने वाली घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।

शादी समारोह से लौटते समय घात लगाकर हमला

​ग्राम दहगुवां निवासी ऊषा पत्नी अरविन्द कुमार द्वारा पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए शिकायती पत्र के अनुसार, घटना 7 मई की रात की है। ऊषा अपनी बहन मालती के साथ गांव में ही आयोजित एक शादी समारोह में शिरकत करने गई थी। रात करीब 9 बजे जब वह खाना खाकर वापस अपने घर लौट रही थी, तभी रास्ते में मानसिंह कुशवाहा के मकान के पास पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन्हें घेर लिया।

​पीड़िता का आरोप है कि गांव के ही निवासी जितेन्द्र, मोहित, पूनम, वन्दना, नीतू और उनके कुछ रिश्तेदार जो जालौन के मुहल्ला चुर्खीबाल से आए थे (अलका, हेमन्त, मालती और पूजा), ने अचानक गाली-गलौज शुरू कर दी। जब ऊषा ने इसका विरोध किया, तो सभी आरोपियों ने एकराय होकर लाठी-डंडों से उस पर हमला बोल दिया।

नारी गरिमा को किया तार-तार, गहने भी छीने

​शिकायती पत्र में लगाए गए आरोप अत्यंत गंभीर हैं। पीड़िता ने बताया कि मारपीट के दौरान आरोपी जितेन्द्र और मोहित ने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ दीं। उन्होंने पीड़िता के कपड़े फाड़ दिए और उसे आम रास्ते पर निर्वस्त्र कर दिया। जब महिला ने शोर मचाया, तो उसकी बहन मालती और बड़े ससुर रामजी कुशवाहा उसे बचाने दौड़े, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की की और उन्हें पीछे धकेल दिया।

​इतना ही नहीं, पीड़िता ने आरोप लगाया कि मारपीट और अभद्रता के बीच दबंगों ने उसके कानों के सोने के बाले, मनचली और कमरपेटी जैसे कीमती जेवर भी लूट लिए। इसके बाद लहूलुहान और अर्धनग्न अवस्था में उसे पास की नाली में फेंक दिया गया।

जमीनी विवाद बना घटना का मुख्य कारण

​जानकारी के अनुसार, इस पूरे विवाद की जड़ में पुश्तैनी जमीन का विवाद बताया जा रहा है। पीड़िता के अनुसार, उसके बड़े ससुर रामजी कुशवाहा उसके पति के साथ ही रहते हैं। इसी बात से आरोपी पक्ष चिढ़ा हुआ था और जमीन हड़पने की नीयत से परिवार पर दबाव बना रहा था। इसी रंजिश के चलते इस सुनियोजित हमले को अंजाम दिया गया। घटना के बाद आरोपी पक्ष ने पीड़िता और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मारपीट का वीडियो

​इस घटना का एक शर्मनाक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह कई लोग मिलकर एक अकेली महिला को बेरहमी से पीट रहे हैं और वहां मौजूद लोग मूकदर्शक बने हुए हैं। हालांकि, बाद में गांव के ही कुछ युवकों (रामजी और राहुल) ने साहस दिखाकर पीड़िता को दबंगों के चंगुल से मुक्त कराया।

पुलिस कार्यवाही की मांग

​पीड़िता ऊषा ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में तत्काल रिपोर्ट दर्ज की जाए और उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित हो। पीड़िता का कहना है कि सरेआम निर्वस्त्र किए जाने और मारपीट की घटना से वह मानसिक रूप से टूट चुकी है और अब उसे प्रशासन से ही न्याय की उम्मीद है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वीडियो के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है।

Leave a Reply

You may have missed