जालौन: गोहन थाने के दरोगा पर युवती से छेड़खानी का आरोप, कोर्ट के आदेश पर दर्ज होगा मुकदमा

0
IMG-20251223-WA0142

सीजेएम कोर्ट ने गोहन थाने के एसएसआई के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए

जालौन(गोहन) :गोहन थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां गोहन थाने में तैनात सीनियर सब-इंस्पेक्टर पर एक युवती ने छेड़खानी और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया है। पुलिस स्तर पर कार्रवाई न होने के बाद पीड़िता ने अदालत का रुख किया, जिस पर कोर्ट ने आरोपी दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
पीड़िता द्वारा अदालत में दायर वाद के अनुसार, 24 अगस्त की रात वह अपने परिजन के घर पर मौजूद थी। इसी दौरान गोहन थाने में तैनात दरोगा वीरेन्द्र बहादुर कथित रूप से सादा वर्दी में एक युवक के साथ घर में घुस आया। आरोप है कि दरोगा ने युवती के साथ छेड़खानी शुरू कर दी और जबरन कमरे की ओर खींचने का प्रयास किया।
युवती के शोर मचाने पर उसका भाई मौके पर पहुंचा और विरोध किया। इस पर आरोपी दरोगा ने भाई के साथ मारपीट की और गाली-गलौज करते हुए धमकी देकर मौके से चला गया। घटना के बाद पीड़िता ने गोहन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करानी चाही, लेकिन आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की।
इसके बाद पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को भी लिखित शिकायत भेजी, बावजूद इसके कोई सुनवाई नहीं हुई। न्याय न मिलने पर पीड़िता ने जिला सत्र न्यायालय की सीजेएम कोर्ट में वाद दायर किया।
मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने इसे गंभीर मानते हुए गोहन थाना प्रभारी को आदेश दिया कि आरोपी सीनियर सब-इंस्पेक्टर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाए। कोर्ट के आदेशानुसार, जिस थाने में आरोपी दरोगा तैनात रहा है, उसी थाने में मामला दर्ज किया जाएगा।
फिलहाल, कोर्ट के निर्देश के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और पूरे मामले पर नजर बनी हुई है।

रिपोर्ट: मुहम्मद साजिद, जालौन |UP SAMVAD
Source: Legal Sources

Leave a Reply

You may have missed