नई दिल्ली में रिपोर्टिंग के दौरान महिला पत्रकारों से अभद्रता के विरोध में उरई कलेक्ट्रेट पहुंचे सैकड़ों पत्रकार, पत्रकार सुरक्षा आयोग गठित करने की उठी मांग।
उरई (जालौन) : नई दिल्ली में समाचार संकलन के दौरान महिला पत्रकार शाहीन खान और नफीसा खान के साथ पुलिस द्वारा कथित मारपीट व अभद्रता के विरोध में मंगलवार को जालौन के उरई में पत्रकारों ने जोरदार प्रदर्शन किया। डिस्ट्रिक्ट प्रेस क्लब जालौन के बैनर तले सैकड़ों पत्रकार कलेक्ट्रेट पहुंचे और राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को सौंपा।
जिलाध्यक्ष मनोज राजा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई। पत्रकारों ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में कार्य करने वालों के साथ इस तरह की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं।
प्रदर्शन के दौरान महिला पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। ज्ञापन में मांग की गई कि घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और वीडियो साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जाए, महिला पत्रकारों का स्वतंत्र चिकित्सकीय परीक्षण कराया जाए और उन्हें उचित कानूनी व प्रशासनिक संरक्षण प्रदान किया जाए।
पत्रकारों ने केंद्र सरकार से देश में ‘पत्रकार सुरक्षा आयोग’ गठित करने, महिला पत्रकारों के लिए विशेष सुरक्षा प्रोटोकॉल तैयार करने तथा एक प्रभावी शिकायत निवारण व्यवस्था लागू करने की पुरजोर मांग उठाई। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय पत्रकार मौजूद रहे।






