कोंच पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए कैलिया बाईपास स्थित नदीगांव लिंक रोड से आरोपी को गिरफ्तार किया, कब्जे से अवैध तमंचा बरामद।
कोंच(जालौन) :जालौन के कोंच कोतवाली क्षेत्र में सोशल मीडिया पर अवैध तमंचा लहराकर रील बनाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा बरामद किया गया है। वायरल वीडियो में युवक फिल्मी अंदाज में सिगरेट के छल्ले उड़ाते हुए हथियार का प्रदर्शन करता दिखाई दे रहा था।
पुलिस के अनुसार, यह वीडियो “रोशन भाई 302” नाम की इंस्टाग्राम आईडी से अपलोड किया गया था। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने उसकी जांच शुरू की और आरोपी की पहचान रोशन के रूप में की।
कोंच कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को कैलिया बाईपास स्थित नदीगांव लिंक रोड से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध तमंचा भी बरामद किया गया।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ अभियान जारी है। आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।






