माधौगढ़ नगर पालिका के वार्ड 2 और 10 में फुंके ट्रांसफार्मर के कारण पेयजल संकट गहराया, सभासद ने जलकल विभाग से टैंकर मंगवाया।
माधौगढ़(जालौन) : जालौन के माधौगढ़ नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 2 और 10 में ट्रांसफार्मर फुंकने के बाद पिछले पांच दिनों से पेयजल संकट बना हुआ है। पानी की आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रांसफार्मर फुंकने के बाद अब तक उसे बदला नहीं गया है, जिससे जलापूर्ति पूरी तरह प्रभावित हो गई। भीषण गर्मी और पानी की कमी के चलते लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी दिक्कत उठानी पड़ रही है।
स्थिति को देखते हुए वार्ड सभासद ने जलकल विभाग और नगर पंचायत से पानी का टैंकर मंगवाया, जिसके माध्यम से प्रभावित मोहल्लों में पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
ग्रामीणों ने जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाकर नियमित जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है। वहीं सभासद ने भी संबंधित विभाग से तत्काल समस्या के स्थायी समाधान की अपील की है।







