कदौरा थाना क्षेत्र के छोटी भेड़ी गांव की घटना, जहरीले सांप के डसने से महिला की मौत के बाद परिवार में मचा कोहराम और पसरा मातम।
जालौन के कदौरा थाना क्षेत्र के छोटी भेड़ी गांव में खेत पर चारा काटने गई 50 वर्षीय महिला की जहरीले कोबरा सांप के डसने से मौत हो गई। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
छोटी भेड़ी गांव निवासी पानकुंवर (50) पत्नी रशपाल रोज की तरह खेत पर चारा काटने गई थीं। इसी दौरान चारा काटते समय अचानक एक जहरीले कोबरा सांप ने उन्हें डस लिया। सांप के डसने के बाद उनकी हालत बिगड़ गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर कदौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के मुताबिक, पानकुंवर किसानी का काम करती थीं और परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करती थीं। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पानकुंवर की मौत के बाद उनके तीन बेटों और एक बेटी के सिर से मां का साया उठ गया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका के परिजन इंद्रपाल ने इस घटना की जानकारी दी है। हादसे के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।






