जिलाधिकारी समीर और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने ठड़ेश्वरी और मंशापूर्ण मंदिर का निरीक्षण कर अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा के कड़े निर्देश दिए।
जालौन:जनपद जालौन में बुढ़वा मंगल के पावन अवसर पर विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी समीर और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने जनपद के प्रमुख मंदिरों का औचक निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने ठड़ेश्वरी मंदिर और मंशापूर्ण मंदिर सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की आवाजाही की स्थिति का बारीकी से मुआयना किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए प्रवेश व निकास व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई और अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही मंदिर परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में निरंतर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को भीड़ को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत पूरी सतर्कता बरती जाए। प्रमुख मंदिरों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए ताकि सभी श्रद्धालु शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में दर्शन-पूजन संपन्न कर सकें।







