रिपोर्ट : बंटी कुरैशी आगरा
राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन के बाद लौटे खिलाड़ियों का फूल-मालाओं से अभिनंदन किया गया, सम्मान समारोह भी आयोजित होगा।
आगरा : आंध्र प्रदेश के तिरुपति में आयोजित प्रथम जूनियर राष्ट्रीय डायमंड बॉल प्रतियोगिता और प्रथम फेडरेशन कप राष्ट्रीय डायमंड बॉल प्रतियोगिता में प्रदर्शन कर लौटी उत्तर प्रदेश की डायमंड बॉल टीम का गुरुवार को आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर स्वागत किया गया। खिलाड़ियों का फूल-मालाओं से अभिनंदन कर राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियों के लिए बधाई दी गई।
बिल्ड फॉर सक्सेस डिग्री कॉलेज के चेयरमैन एवं डायमंड बॉल एसोसिएशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विश्वेन्द्र कुमार शर्मा खिलाड़ियों के स्वागत के लिए आगरा कैंट पहुंचे। उन्होंने विजेता और पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों के प्रदर्शन से आगरा और उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ा है। उन्होंने सफलता का श्रेय खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास को दिया।
फेडरेशन कप के पुरुष वर्ग के फाइनल में उत्तर प्रदेश की टीम ने जम्मू-कश्मीर को 18-0 से हराकर विजेता का खिताब जीता। महिला वर्ग में उत्तर प्रदेश ने उत्तराखंड को पेनल्टी शूटआउट में पराजित किया। जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बालक वर्ग में यूपी टीम उपविजेता रही, जबकि बालिका वर्ग में विजेता और मिश्रित वर्ग में तृतीय स्थान हासिल किया।
विश्वेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के सम्मान में बिल्ड फॉर सक्सेस डिग्री कॉलेज, आगरा में विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें पदक विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और टीम से जुड़े सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा।
प्रतियोगिता में टीमों का नेतृत्व मोहित दिवाकर, प्रशांत चौहान, प्रिय बघेल और आशी चांदला ने किया। टीम के साथ कोच तरुण चतुर्वेदी, डॉ. देश दीपक कुलश्रेष्ठ और आशीष सहित अन्य टीम अधिकारी एवं सहयोगी मौजूद रहे। स्वागत के दौरान मानू चौधरी, संजय नेहरू, के.पी. सिंह सहित डायमंड बॉल एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।






