रिपोर्ट : बंटी कुरैशी आगरा
दूध लेने नहीं पहुंची तो घर पहुंची महिला, अंदर शव पड़ा मिला; पुलिस ने हत्या की आशंका जताई
फतेहपुर सीकरी। थाना क्षेत्र के पत साल गांव में शनिवार सुबह घर में अकेली रह रही विधवा महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान मुन्नीदेवी पत्नी स्वर्गीय मंगल सिंह के रूप में हुई है। सूचना पर फतेहपुर सीकरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है।
जानकारी के मुताबिक, मुन्नीदेवी को दिखाई नहीं देता था और उनकी कोई संतान भी नहीं थी। वह गांव में अपने घर पर अकेली रहती थीं। शनिवार सुबह वह रोजाना की तरह दूध लेने के लिए बाहर नहीं आईं तो दूध देने वाली महिला उनके घर पहुंची। घर का दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाकर देखने पर मुन्नीदेवी का शव पड़ा मिला।
शव देखकर महिला ने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही फतेहपुर सीकरी पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और बारीकी से निरीक्षण किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और जांच के लिए आवश्यक नमूने लिए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी आनंदवीर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






