रिपोर्ट कासिम मलिक फतेहाबाद
बाबा की तिबारियां गांव के पास सड़क किनारे पड़ा मिला शव, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा; मौत का कारण स्पष्ट नहीं
फतेहाबाद(आगरा) : फतेहाबाद क्षेत्र में बुधवार को बाबा की तिबारियां गांव के पास सड़क किनारे एक वृद्ध का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया।
मृतक की पहचान देवी सिंह (55) पुत्र सीता राम निवासी गांव बीचपतपुरा, जवाहरपुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, देवी सिंह पिछले करीब चार वर्षों से गांव के ही जनवेद पुत्र हुकम सिंह के नलकूप पर रहकर खेती-बाड़ी का काम देखते थे।
बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने बाबा की तिबारियां गांव के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव की शिनाख्त कर परिजनों को जानकारी दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







