रिपोर्ट : राशिद अली बहराइच
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने पत्नी सायरा बानो को 20 हजार का चेक दिया, जबकि पारिवारिक लाभ योजना के तहत 30 हजार रुपये खाते में भेजे गए।
गोंडा। गंभीर बीमारी के कारण दिवंगत हुए वरिष्ठ पत्रकार सुलेमान के परिवार को जिला प्रशासन की ओर से 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। सोमवार को जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने उनकी पत्नी सायरा बानो को आपदा राहत के तहत 20 हजार रुपये का चेक दिया। वहीं, पारिवारिक लाभ योजना के अंतर्गत 30 हजार रुपये की धनराशि ऑनलाइन उनके खाते में भेजी गई।
ग्राम गढ़ी मोतीगंज, मनकापुर निवासी सुलेमान श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के सदस्य थे। गंभीर बीमारी के कारण 15 सितंबर को उनका निधन हो गया था। उनके परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए श्रमजीवी पत्रकार यूनियन गोंडा ने जिलाधिकारी से आग्रह किया था।
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने मृतक पत्रकार की पत्नी को सहायता राशि प्रदान करने के साथ ही विधवा पेंशन की स्वीकृति और अंत्योदय कार्ड बनवाने का भी आश्वासन दिया।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले 15 सितंबर को श्रमजीवी पत्रकार यूनियन गोंडा के पदाधिकारियों ने दिवंगत पत्रकार के घर पहुंचकर उनकी पत्नी सायरा बानो को 25 हजार रुपये की नकद आर्थिक सहायता प्रदान की थी।
दिवंगत पत्रकार के परिवार को आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए श्रमजीवी पत्रकार यूनियन गोंडा ने जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन का आभार व्यक्त किया है।






