रिपोर्ट : राशिद अली बहराइच
बस स्टॉप, पैतौरा और खुटेहना चौराहे पर बेतरतीब खड़े वाहनों से आवागमन प्रभावित, स्थानीय स्तर पर टैक्सी स्टैंड बनाने की उठी जरूरत।
पयागपुर (बहराइच)। पयागपुर कस्बे में यातायात व्यवस्था बेपटरी होती नजर आ रही है। प्रमुख मार्गों और व्यस्त चौराहों पर ई-रिक्शा व टेंपो के बेतरतीब खड़े होने से जाम की स्थिति बन रही है। मुख्यमंत्री के पूर्व में दिए गए निर्देशों के बावजूद मुख्य मार्गों पर सवारी के इंतजार में खड़े वाहनों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। कुछ दिनों तक कार्रवाई का असर दिखाई दिया, लेकिन अब स्थिति फिर पहले जैसी होती नजर आ रही है।
पयागपुर बस स्टॉप चौराहा, पैतौरा चौराहा और खुटेहना चौराहे पर ई-रिक्शा और टेंपो का जमावड़ा आम बात हो गई है। सवारियों के इंतजार में चालक सड़क की दोनों पटरियों पर वाहन खड़े कर देते हैं। इससे बाइक सवारों, साइकिल चालकों और पैदल राहगीरों को आवागमन में परेशानी होती है। सड़क पर जगह कम होने से दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
बहराइच-गोंडा हाईवे से इकौना और हुजूरपुर मार्ग तक परेशानी
बहराइच-गोंडा हाईवे पर कई स्थानों पर ई-रिक्शा और टेंपो चालक सड़क किनारे खड़े रहते हैं। यही स्थिति पयागपुर से इकौना और हुजूरपुर जाने वाले मार्गों पर भी देखने को मिलती है। सवारियों को बैठाने और उतारने के लिए वाहनों के अचानक रुकने से दूसरे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय स्तर पर निर्धारित टैक्सी स्टैंड की व्यवस्था नहीं होने को भी समस्या बढ़ने की एक वजह बताया जा रहा है। ऐसे में वाहनों के खड़े होने और सवारियों को बैठाने के लिए निर्धारित स्थान बनाए जाने की जरूरत महसूस की जा रही है। हालांकि, यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए प्रशासन की ओर से आगे क्या कदम उठाए जाएंगे, इस संबंध में कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है।






