रिपोर्ट : बंटी कुरैशी आगरा
डीएम मनीष बंसल ने महापुरुषों के आदर्शों को जीवन और व्यवहार में उतारने का अधिकारियों-कर्मचारियों से आह्वान किया।
आगरा : महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को आगरा कलेक्ट्रेट परिसर में श्रद्धा और सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से रामधुन ‘रघुपति राघव राजा राम’ का गायन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम मनीष बंसल ने कहा कि दो अक्टूबर देश के लिए गौरव और प्रेरणा का दिन है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा को जीवन का आधार बनाया, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की मिसाल कायम की। दोनों महापुरुषों का जीवन आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
डीएम ने कहा कि महापुरुषों को केवल जयंती पर याद करना पर्याप्त नहीं है। उनके विचारों और आदर्शों को व्यवहार एवं जीवनशैली में उतारना और बच्चों व युवाओं तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने गांधी जी के 1921 के मदुरै यात्रा प्रसंग और चौरी-चौरा की घटना के बाद असहयोग आंदोलन वापस लेने के निर्णय का उल्लेख करते हुए सादगी, नैतिकता और अहिंसा के महत्व पर जोर दिया।
लाल बहादुर शास्त्री के जीवन का उल्लेख करते हुए डीएम ने कहा कि वे सादगी, ईमानदारी, त्याग, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के प्रतीक थे। वर्ष 1965 के युद्ध और खाद्यान्न संकट के दौरान उनके द्वारा खाद्यान्न बचाने तथा सप्ताह में एक दिन उपवास रखने की अपील का उल्लेख करते हुए उन्होंने ‘जय जवान, जय किसान’ के संदेश को प्रासंगिक बताया।
उन्होंने कहा कि सत्य, अहिंसा, सादगी, ईमानदारी, अनुशासन, त्याग, सेवा और सहिष्णुता जैसे मूल्यों को अपनाना ही गांधी और शास्त्री के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी नगर यमुनाधर चौहान, अपर जिलाधिकारी प्रोटोकॉल अमरेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संदीप वर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन आजाद भगत सिंह, अपर जिलाधिकारी नागरिक आपूर्ति प्रशांत कुमार, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे ज़ुहैर बेग, सिटी मजिस्ट्रेट अमित शुक्ला, एसडीएम ताज सुरक्षा संतोष शुक्ला, एसडीएम नितिन तेवतिया, दीपक चौधरी, जिला सूचना अधिकारी शीलेन्द्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।






