रिपोर्ट : बंटी कुरैशी आगरा
कलेक्ट्रेट कूच के दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोका, नोकझोंक के बाद कई सपा कार्यकर्ता हिरासत में लिए गए
आगरा : संविधान और मताधिकार की रक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को आगरा में धरना-प्रदर्शन और पैदल मार्च किया। “लोकतंत्र बचाओ, देश बचाओ, संविधान बचाओ, वोट बचाओ” के नारों के बीच प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की।
समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाह एवं महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता सुभाष पार्क पर एकत्रित हुए। यहां से हाथों में पार्टी के झंडे और तख्तियां लेकर कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट की ओर रवाना हुए।
कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रास्ता रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच नोकझोंक हुई। प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग के आगे बढ़ने का प्रयास करते रहे, जबकि पुलिस उन्हें रोकने में जुटी रही। इसी दौरान कुछ कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिसर की ओर पहुंच गए और मांगों के समर्थन में नारेबाजी की।
प्रदर्शन के बाद पुलिस ने कई समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के मुताबिक, हिरासत में लिए गए लोगों को पुलिस वाहनों से पुलिस लाइन ले जाकर डिटेन किया गया।
सपा नेताओं ने कहा कि प्रदर्शन लोकतांत्रिक अधिकारों के तहत अपनी आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया। उन्होंने कहा कि संविधान, लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा से जुड़े सवालों को लेकर समाजवादी पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी।
प्रदर्शन में हाजी मुकीमुद्दीन कुरैशी, राष्ट्रीय सचिव अल्पसंख्यक सभा; कादिर कुरैशी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष छात्र सभा; चौ. फरहान, महानगर उपाध्यक्ष; पुष्पेंद्र शर्मा, महासचिव; नरेंद्र सिंह, मीडिया प्रभारी सहित राहुल चौधरी, सलीम शाह, विपिन यादव, धर्मेंद्र यादव, डॉ. नरेंद्र सिंह धाकड़, जितेंद्र लवानिया गांधी, मोनिका नाज खान, हर्ष वर्धन, मोहम्मद इमरान कुरैशी, जिला उपाध्यक्ष राशिद हसन चिश्ती समेत बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।






